

वाराणसी। काशी की धरती पर जल्द ही ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जो हर किसी के भीतर रोमांच और देशभक्ति का जोश भर देगा। गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमान अपनी ताकत और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन करेंगे। 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को होने वाले इस ऐतिहासिक एयर शो को देखने के लिए 15 से 20 लाख दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। दर्शकों की भारी भीड़ को संभालने के लिए करीब 300 हेक्टेयर जमीन समतल कराई गई है। एयर शो प्रतिदिन दो सत्रों में होगा। पहला सत्र सुबह 11:40 से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 1 से 2 बजे तक निर्धारित है।
भीड़ से लेकर सुरक्षा तक, प्रशासन का पूरा एक्शन प्लान तैयार
लाखों दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, मेडिकल टीम और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाईपास्ट के दौरान गंगा में नावों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। घाट किनारे स्थित जर्जर मकानों की छतों पर भी लोगों के जुटने पर सख्त पाबंदी रहेगी।
अब काशी की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। गंगा की लहरें, ऐतिहासिक घाट और आसमान में वायुसेना का दमदार प्रदर्शन, यह नजारा काशीवासियों के लिए यादगार बनने जा रहा है।