
उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में इलाज के नाम पर संचालित किए जा रहे एक संदिग्ध निजी अस्पताल के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मऊ गांव के पास संचालित मल्टी केयर हॉस्पिटल का एसडीएम ब्रजमोहन शुक्ला के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालक टीम के सामने संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में अस्पताल का संचालन प्रथम दृष्टया नियमों के विपरीत पाए जाने पर प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया।
अस्पताल में भर्ती करीब आधा दर्जन मरीजों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई के दौरान कुछ निजी अस्पताल कर्मी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पर मल्टी केयर हॉस्पिटल के नाम पर मरीजों का इलाज करने और उनसे मोटी रकम वसूलने के भी आरोप लगाए गए हैं। प्रशासनिक टीम ने मौके पर जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।