
वाराणसी। शिवपुर का ऐतिहासिक और प्राचीन भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेला रविवार, 19 जुलाई को पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित होगा। साल में एक बार निकलने वाली इस भव्य रथयात्रा को देखने और भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ का विशाल रथ पुरानी चुंगी, शिवपुर पर स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालु दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। यह रथयात्रा वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक मानी जाती है।
मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गिलट बाजार पुलिस चौकी से लालजी कुआं तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं, क्योंकि इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मेले में शामिल होते हैं।
रथयात्रा मेला समिति, शिवपुर के मेला संरक्षक एवं व्यवस्थापक डॉ. ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह (डी.डी.) ने बताया कि यह ऐतिहासिक मेला क्षेत्र की धार्मिक पहचान है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर रथयात्रा में शामिल होते हैं और पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण ढंग से मेले में सहभागिता की अपील की।
रविवार को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पूरे शिवपुर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए समिति की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।