Editor

महोबा में युवती की अपहरण के बाद निर्मम हत्या, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

महोबा जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण के बाद निर्मम हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ले की है, जहां मानिक रैकवार की पुत्री प्रियंका देर रात अपने घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन सुबह घर से करीब दो सौ मीटर दूर पहाड़ के पास जंगल में उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया।

VK Finance

बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेतों में कृषि कार्य के लिए गए हुए थे। घर में प्रियंका और उसकी बुआ की बेटी मौजूद थीं। देर रात प्रियंका अचानक गायब हो गई। सुबह जब आसपास के लोगों ने जंगल में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और सीओ सदर अरुण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों का आरोप है कि प्रियंका का अपहरण कर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। गौरतलब है कि मृतका का विवाह आगामी 7 जुलाई को होना था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कह रही है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment