
लखनऊ/चन्दौली। उत्तर प्रदेश पुलिस ने गुणवत्ता प्रबंधन और जन-केंद्रित पुलिसिंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जनपद चन्दौली के सभी 16 पुलिस थानों को ISO 9001:2015 एवं IS 15700:2018 प्रमाणन प्रदान किया गया है। विशेष बात यह है कि देश में पहली बार किसी जनपद के सभी पुलिस थानों को एक साथ भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा यह प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की उप महानिदेशक श्रीमती स्नेहलता ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश श्री राजीव कृष्ण को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। यह प्रमाणन पुलिस सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता, जवाबदेही, नागरिक संतुष्टि तथा समयबद्ध सेवा वितरण के उच्च मानकों की पुष्टि करता है।
चन्दौली में वर्तमान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल तथा पूर्व पुलिस अधीक्षक एवं वर्तमान एसपी फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के मार्गदर्शन में थानों में मानकीकृत प्रक्रियाएं लागू की गईं। इसके तहत आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, अभिलेख प्रबंधन, जनसुविधाओं में सुधार, प्रशिक्षण, आंतरिक ऑडिट और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं, जीआरपी थाना आजमगढ़ (अनुभाग गोरखपुर) को उत्कृष्ट पुलिसिंग, प्रभावी प्रशासनिक प्रबंधन और नागरिक-केंद्रित सेवाओं के लिए ISO 9001:2015 अंतरराष्ट्रीय प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। यह प्रमाणन थाने की कार्यप्रणाली को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप स्थापित करने की मान्यता है।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने चन्दौली पुलिस एवं जीआरपी आजमगढ़ की टीम को बधाई देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और जन-केंद्रित पुलिसिंग उत्तर प्रदेश पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों इकाइयां भविष्य में भी उत्कृष्ट सेवाएं देकर अन्य जनपदों और पुलिस इकाइयों के लिए प्रेरणा बनेंगी।