
फतेहपुर चौरासी। उन्नाव के थाना फतेहपुर चौरासी क्षेत्र की तकिया चौकी अंतर्गत चोरों ने बिजली विभाग को चुनौती देते हुए गांव में लगा ट्रांसफार्मर ही चोरी कर लिया। ट्रांसफार्मर चोरी होने के बाद पूरा गांव पिछले तीन दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर है। ग्रामीणों में बिजली विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि चोर रात के अंधेरे में ट्रांसफार्मर खोलकर ले गए, लेकिन पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त होती तो इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देना आसान नहीं होता।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक पुलिस को कोई प्रार्थना पत्र दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि आखिर बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों ने अब तक मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर क्यों नहीं दी?
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोगों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने पुलिस और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की तत्काल जांच कर ट्रांसफार्मर बरामद कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और गांव में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चोरी का खुलासा कब तक करती है और बिजली विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई कब होती है।