

उन्नाव। कोरोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खोने वाली बालिका अंजली को सरकार की पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने शुक्रवार को अंजली को ₹10 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा। आर्थिक मदद मिलने से अंजली और उसके परिवार को भविष्य की चुनौतियों से निपटने में राहत मिली है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अंजली से बातचीत कर उसकी पढ़ाई, स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कोविड-19 के दौरान माता-पिता को खोने वाले बच्चों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपने भविष्य को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अंजली को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के अलावा सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी लाभ दिलाया गया है। उसे प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है। साथ ही आयुष्मान कार्ड जारी किया गया है, जिससे उसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसके अतिरिक्त आपदा सहायता के रूप में ₹50 हजार की आर्थिक मदद भी दी गई है।
अंजली की शिक्षा और भरण-पोषण को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वह अपनी पढ़ाई जारी रख सके और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सके।
सहायता राशि का चेक मिलने के बाद अंजली ने प्रधानमंत्री और सरकार के प्रति आभार जताया। उसने कहा कि सरकार से मिली मदद का वह सही तरीके से उपयोग करेगी और मेहनत कर पढ़ाई पूरी करते हुए भविष्य में आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करेगी।
जिलाधिकारी ने अंजली को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उसे सरकार की पात्र योजनाओं का लाभ समय-समय पर मिलता रहे।