

बोले पीड़ित परिजन—हत्यारोपियों को मिले कठोरतम सजा, संपत्ति कुर्क कर अवैध निर्माण पर हो बुलडोजर कार्रवाई

फतेहपुर। हुसेनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में 29 अगस्त को शराब ठेके के पास मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मंगलवार को मृतक के परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे। न्याय की मांग को लेकर मृतक के बुजुर्ग पिता ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों के सामने माथा टेककर इंसाफ की गुहार लगाई। भावुक पिता की स्थिति देखकर कलेक्ट्रेट परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों ने अधिकारियों के समक्ष आरोप लगाया कि शराब ठेके के पास हुए विवाद के दौरान मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका कहना है कि वारदात के बाद परिवार गहरे सदमे में है और आरोपितों की ओर से परिवार को खतरा बना हुआ है।
परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने हत्या के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन परिवार दोषियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई चाहता है। परिजनों ने आरोपितों की संपत्ति कुर्क करने तथा यदि कोई अवैध निर्माण हो तो उसके खिलाफ नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
मृतक के परिजनों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों को कठोरतम सजा, यहां तक कि फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग की। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, जीविकोपार्जन के लिए आर्थिक सहायता और परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग भी रखी।
परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपितों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। कलेक्ट्रेट में बुजुर्ग माता-पिता की न्याय की गुहार ने लोगों को भावुक कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे प्रशासन से लगातार कार्रवाई की मांग करते रहेंगे।