

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर और उसके आसपास पिछले तीन दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन की गतिविधियों के बीच पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन एसीपी भेलूपुर ने बीएचयू सिंहद्वार पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति किसी भी राजनीतिक दल, संगठन या समूह को धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी ने कहा कि बीएचयू सिंहद्वार, प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। यदि कोई समूह बिना अनुमति प्रदर्शन करने का प्रयास करता है तो पहले उसे शांतिपूर्वक समझाकर रोका जाएगा। इसके बाद भी कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश होने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संभावित प्रदर्शन को देखते हुए बीएचयू सिंहद्वार और प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। पूरे इलाके को सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मानते हुए कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी है। आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, जबकि मोबाइल पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही हैं।
ब्रीफिंग के दौरान एसीपी ने पुलिसकर्मियों को संयम और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में पहले संवाद और समझाइश का रास्ता अपनाया जाए, लेकिन यदि कोई कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करे तो उसके खिलाफ तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों से बीएचयू परिसर, सिंहद्वार और भेलूपुर क्षेत्र में विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।