

मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक क्रशर प्लांट में डस्ट हटाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पिंटू सिंह पटेल के क्रशर प्लांट में अचानक मशीन का भारी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे करीब चार मजदूरों के दबे होने की आशंका है। हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ चुनार मो. फहीम के अनुसार, मलबे में चुनार थाना क्षेत्र के बरगवां निवासी लाल बहादुर पुत्र दुलारे, अशोक पुत्र बसंत, राकेश पुत्र राम जी और दुर्योधन पुत्र झींगई के दबे होने की आशंका जताई गई है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी मजदूर के मलबे में दबे होने या किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य को लेकर मौके पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।