

चंदौली। चकरघट्टा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर घूमने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 32 लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे कुछ लोग शराब का सेवन कर अनावश्यक रूप से घूम रहे थे। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों का रास्ता अवरुद्ध करने और सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने की शिकायत भी सामने आई। मौके पर शराब की खाली बोतलें और नमकीन के पैकेट भी पड़े मिले।
सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में पुलिस ने सभी 32 लोगों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। यह अभियान थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।
चकरघट्टा पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, राहगीरों को परेशान करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।