

उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र में खुलेआम जुए की फड़ संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि क्षेत्र के एक बाग में रोजाना बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है, जहां दूर-दराज से दर्जनों कथित बुक माफिया और जुआरी पहुंचते हैं। आरोप है कि यहां प्रतिदिन लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक का दांव लगाया जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार, जुए के दौरान खेतों के चारों ओर कथित हिस्ट्रीशीटर गुर्गों को निगरानी के लिए तैनात किया जाता है, ताकि पुलिस या बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि लंबे समय से यह अवैध गतिविधि जारी है।
क्षेत्र में नीरज रूपऊ, दिलीप कटर समेत कई लोगों के नाम जुए के इस कथित नेटवर्क के संचालन से जोड़े जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध जुए के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।