
पश्चिम बंगाल में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। कोलकाता से सटे मध्यमग्राम इलाके में बुधवार रात बीजेपी नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के करीबी और निजी सचिव चंद्रनाथ दत्त की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ दत्त रात के समय मध्यमग्राम क्षेत्र में मौजूद थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं, जिससे दत्त गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बीजेपी नेताओं ने घटना को लेकर राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और हमलावरों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।