Editor

कांवड़ यात्रा और बाढ़ को लेकर सीएम योगी सख्त: सुरक्षा, राहत और भ्रष्टाचार पर दिए कड़े निर्देश

Hamari sevaye

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कांवड़ यात्रा, बाढ़ प्रबंधन, कानून व्यवस्था और जनकल्याण योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

VK Finance

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने, यात्रा मार्गों पर स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल और खाद्य सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली फेक न्यूज पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की 24 घंटे निगरानी रहे। कांवड़ मार्गों और प्रमुख घाटों पर ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस पेट्रोलिंग के जरिए चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सीएम योगी ने जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद बनाए रखने, राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा चकबंदी से जुड़े विवादों का मेरिट के आधार पर समाधान कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोटेदारों का उत्पीड़न, ओवर बिलिंग और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में विजिलेंस जांच कराई जाए।

बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ हो या सूखा, हर नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कम वर्षा वाले क्षेत्रों में सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि तीन दिनों के भीतर सभी राहत शिविर पूरी तरह तैयार कर लिए जाएं और वहां बच्चों के लिए दूध व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।

सीएम ने जहां आवश्यकता हो वहां बड़ी नौकाएं तैनात करने, जिलाधिकारियों को स्वयं राहत कार्यों की निगरानी करने, तटबंधों पर 24 घंटे पेट्रोलिंग रखने और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही हर घंटे मुख्यमंत्री कार्यालय, डीजीपी कार्यालय और राहत एजेंसियों को अपडेट भेजने तथा राज्य स्तरीय डैशबोर्ड पर सभी जिलों की बाढ़ की स्थिति रियल टाइम अपडेट करने को कहा। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित 44 जिलों में राहत शिविर, मेडिकल टीमें और बचाव दल पूरी तरह सक्रिय रहेंगे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment