

संवादाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में 50वी अंतर्राष्ट्रीय कालीन मेला उद्घाटन में विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर कालीन उद्योग की बारीकियों और उत्पादों की गुणवत्ता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प, नए डिजाइन और प्राकृतिक रेशों से तैयार उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री एक्सीलेंट कारपेट के स्टॉल पर भी पहुंचे, जहां राजीव गुप्ता और विनय गुप्ता ने उनका स्वागत करते हुए प्रदर्शित कालीन एवं दरी के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जूट से बनी दरी की खासियत जानी। उन्हें बताया गया कि जूट प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल रेशा है, जिससे तैयार दरी मजबूत, टिकाऊ और आकर्षक होती है। प्राकृतिक फाइबर से बने उत्पादों की देश-विदेश में बढ़ती मांग को देखते हुए जूट की दरी को कारोबार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया गया।
मुख्यमंत्री ने भदोही के कालीन उद्योग में हो रहे नए प्रयोगों की सराहना की। उन्होंने स्थानीय कारीगरों की मेहनत और हुनर को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनके दौरे से कालीन कारोबारियों और निर्यातकों में भी उत्साह नजर आया। एक्सीलेंट कारपेट के स्टॉल पर हुई चर्चा में भदोही की पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक उत्पादों का बेहतर संगम देखने को मिला।