
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उन्नाव पहुंचे, जहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर निशाना साधा। अखिलेश यादव के सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए पाठक ने सपा सरकार के कार्यकाल को लेकर सवाल उठाए।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव को पहले यह बताना चाहिए कि उनकी सरकार के दौरान महिलाओं के लिए क्या किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति ऐसी थी कि उनका सड़क पर निकलना मुश्किल हो जाता था।
डिप्टी सीएम ने कहा कि उस समय महिलाएं और बेटियां शाम होने से पहले घर पहुंचने के लिए मजबूर रहती थीं। माता-पिता को भी अपनी बेटियों की सुरक्षा की चिंता सताती थी और वे चाहते थे कि उनकी बेटियां जल्द घर लौट आएं।
ब्रजेश पाठक ने सपा पर महिलाओं और बेटियों की इज्जत व सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव के वादे पर सवाल खड़े किए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में महिला सुरक्षा और सपा सरकार के कार्यकाल को लेकर सियासी बहस तेज होने के संकेत हैं।