

उन्नाव। शुक्लागंज को कानपुर से जोड़ने वाले नवीन गंगा पुल पर टूटे गड्ढों और सड़क से बाहर निकली सरिया की शिकायत का जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने संज्ञान लिया। पुल की जर्जर स्थिति को लेकर सामने आई शिकायत के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देश पर पुल पर बने दोनों गड्ढों की मरम्मत करा दी गई है। इससे पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिली है और दुर्घटना की आशंका भी कम हुई है। प्रशासन की ओर से पुल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं, नवीन गंगा पुल से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों और विशेष रूप से डंपरों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि पुल पर प्रतिदिन कितने भारी वाहन गुजर रहे हैं और उनके आवागमन का पुल की संरचना पर कितना प्रभाव पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि पुल की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे पुल पर बढ़ते दबाव को कम करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर किया जा सकेगा। प्रशासन ने पुल की सुरक्षा और राहगीरों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।