Editor

खोए मोबाइल लौटे तो खिल उठे चेहरे, फतेहपुर पुलिस ने 127 फोन खोज निकाले!

19 लाख रुपये के मोबाइल असली मालिकों को सौंपे, CEIR और तकनीकी टीम की मदद से गैर-जनपदों और दूसरे राज्यों तक चला अभियान

Hamari sevaye

फतेहपुर। खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए फतेहपुर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी राहत दी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 127 गुम और खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई गई है।

VK Finance

रिजर्व पुलिस लाइन फतेहपुर स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लाभार्थियों ने फतेहपुर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और पूरी टीम का आभार जताया।

CEIR पोर्टल ने दिखाई खोए मोबाइल की लोकेशन

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मोबाइल बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। लोगों से मिले प्रार्थना पत्रों के आधार पर CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जनपदीय सीसीटीएनएस टीम के साथ सभी थानों की सीसीटीएनएस टीमों को भी लगाया गया।

तकनीकी विश्लेषण, लगातार मॉनिटरिंग और दूसरे जिलों की पुलिस टीमों के साथ समन्वय के जरिए मोबाइल फोन की तलाश की गई। पुलिस के मुताबिक कई मोबाइल फतेहपुर के अलावा गैर-जनपदीय क्षेत्रों और दूसरे राज्यों से भी बरामद किए गए।

किस थाने से कितने मोबाइल बरामद

कोतवाली से 14, मलवा से 3, खागा से 5, सुल्तानगंज घोष से 2, किशनपुर से 2, धाता से 3, बिंदकी से 20, बकेवर से 3, जहानाबाद से 1, सैनीगंज से 7, औंग से 3, खखरेरू से 4, चांदपुर से 6, गाजीपुर से 11, ललौली से 7, थरियांव से 8, हथगाम से 6, असोथर से 12 और राधानगर से 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए। कल्याणपुर और जाफरगंज से कोई मोबाइल बरामद नहीं हुआ।

मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस की तकनीकी कार्रवाई और टीम के लगातार प्रयासों की जमकर तारीफ की। पुलिस की इस पहल से जहां लोगों को उनकी कीमती संपत्ति वापस मिली, वहीं पुलिस और जनता के बीच भरोसा भी मजबूत हुआ है।

रिपोर्ट-सूरज कुमार

खबर को शेयर करे

Leave a Comment