

उत्तर प्रदेश के झांसी से महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी मच गई। लव मैरिज के मात्र डेढ़ साल के भीतर ही महिला की मौत हो गई। पति पर हत्या का आरोप लगा है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। यहां मृतका शिवानी का शव कमरे से बरामद हुआ है। कमरे के बाहर से कुंडी लगी थी। मृतका के शरीर पर गले और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद से मृतका का पति यश ठाकुर फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि रविवार रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सीपरी बाजार थाने की पुलिस को सूचना मिली कि आवास विकास कॉलोनी में एक मकान में दंपत्ति निवास करते थे। पति-पत्नी के बीच झगड़े बाद पत्नी की मृत्यु हो गई और पति फरार है। सूचना पर तत्काल स्थानीय सीपरी बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतका के परिजनों ने बताया कि वह अपने पति के साथ यहां रहती थी। रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया।