

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 स्थित दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार को बाइक चलाते समय अचानक सीने में तेज दर्द होने से पूर्व प्रधान की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि फुटिया गांव के पूर्व प्रधान त्रिभुवन दुबे बाइक से छत्रपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। उन्होंने बाइक रोकने का प्रयास किया, लेकिन सड़क पर गिर पड़े। साथ मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें चारपाई पर लिटाकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। आसपास के ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। अचानक हुई मौत से फुटिया गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बताया जाता है कि त्रिभुवन दुबे ब्राह्मण समाज के चर्चित नेता सदानंद दुबे के छोटे भाई थे।