

उन्नाव। आजादी की लड़ाई के दौर में अपनी सशक्त लेखनी से समाज में नई ऊर्जा और चेतना का संचार करने वाले महान साहित्यकार पंडित प्रताप नारायण मिश्र की 171वीं जयंती पर उनके पैतृक गांव बेथर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग के राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और जिलाधिकारी घनश्याम मीना प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री और जिलाधिकारी ने पंडित प्रताप नारायण मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ की। इसके बाद अतिथियों ने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों से संबंधित लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। मंच पर पहुंचकर ‘प्रताप प्रसून’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि पंडित प्रताप नारायण मिश्र ने अपने साहित्य और लेखनी के माध्यम से समाज पर अमिट छाप छोड़ी। उनकी रचनाएं और विचार आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर इतने भव्य आयोजन का हिस्सा बनना गौरव की बात है।
वहीं जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि पंडित प्रताप नारायण मिश्र का साहित्य देशभर में पढ़ा जाता है। उन्नाव साहित्यकारों और क्रांतिकारियों की धरती रही है तथा इसे ‘कलम की धरती’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि पंडित प्रताप नारायण मिश्र के अभूतपूर्व योगदान को संजोना और सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी सराहनीय बताया।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद स्कूली विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीएम ने मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संचालित कार्यक्रमों में पंजीकरण कराने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान आल्हा गायन ने भी लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर अंकित मिश्रा, हरि सहाय मिश्र, रवि सहाय मिश्रा, नारायण स्वामी, सिद्धार्थ तिवारी, बालेंद्र प्रताप सिंह, वेद नारायण त्रिपाठी, आशीष शुक्ला, शशांक शेखर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।