

वाराणसी, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में भव्य सामूहिक योगासन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने योगाभ्यास करते हुए कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान और जीवन दर्शन का प्रतीक बन चुका है। योग शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है तथा तनावमुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान कोलकाता से प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन का भी सामूहिक रूप से श्रवण किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. ए.के. त्यागी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।