

मदनी नगर कमेटी व अंजुमन गुलाम आन-ए-रसूल कमेटी समेत कई संगठनों की रही सहभागिता, अमन-चैन और भाईचारे का दिया संदेश

The Voice India शुक्लागंज (उन्नाव), 26 अगस्त। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पावन अवसर पर थाना गंगाघाट क्षेत्र के शुक्लागंज में बुधवार को भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में मदनी नगर कमेटी, अंजुमन गुलाम आन-ए-रसूल कमेटी सहित क्षेत्र की अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कमेटियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जुलूस में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए नगर के प्रमुख चौराहों और बाजारों से गुजरा। इस दौरान युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया तथा जलूस में आए लोगों के लिए पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
कार्यक्रम के दौरान कमेटियों के पदाधिकारियों ने कहा कि ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व मानवता, प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से समाज में सौहार्द बनाए रखने और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना रखने की अपील की।
जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना गंगाघाट पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी। प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
स्थानीय नागरिकों ने भी जुलूस का स्वागत किया और विभिन्न समुदायों के लोगों ने मिलकर आपसी एकता एवं सद्भाव का परिचय दिया। पूरे क्षेत्र में देर शाम तक धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।