Editor

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सुपोषित बच्चों के माता-पिता का सम्मान, नवनियुक्त सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

Hamari sevaye

उन्नाव। विकास भवन स्थित सभागार में मंगलवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं, सुपोषित हुए बच्चों के माता-पिता तथा नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं के सम्मान एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देशन में हुआ।

VK Finance

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज की अध्यक्षता तथा सदर विधायक पंकज गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी की उपस्थिति में अयोध्या से मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

इस अवसर पर सुपोषित बच्चों के माता-पिता को पुष्टाहार एवं फल वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं सुपोषण के क्षेत्र में कार्य कर रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम जनपद की प्रत्येक तहसील में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि करते हुए इसे 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसी प्रकार आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के योगदान की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस मौके पर परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभिषेक कुमार पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं तथा सुपोषित बच्चों के माता-पिता मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment