Editor

जमीन कब्जे की शिकायत न सुने जाने से आहत मनोज द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट में आत्महत्या का किया प्रयास

Hamari sevaye

6:30 बीघा जमीन में 3:15 बीघा पर जताया अपना हक, लेखपाल पर भी लगाए गंभीर आरोप

VK Finance

उन्नाव। जमीन पर कब्जे की शिकायत पर सुनवाई न होने से आहत माखी थाना क्षेत्र के अकबरपुर दबौली निवासी मनोज द्विवेदी ने सोमवार को उन्नाव कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। युवक के अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालते ही परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे काबू में लेकर बड़ा हादसा होने से बचा लिया।

मनोज द्विवेदी का आरोप है कि उसकी जमीन पर देवेंद्र सिंह, कौशलेश सिंह और राजा सिंह द्वारा कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। युवक के मुताबिक कुल करीब 6 बीघा 30 बिस्वा जमीन में उसका करीब 3 बीघा 15 बिस्वा हिस्सा है, जिसको लेकर वह लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से वह काफी परेशान था।

युवक ने जमीन संबंधी मामले में लेखपाल प्रमोद पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसने जमीन पर कब्जे और अपने अधिकार को लेकर कई बार शासन-प्रशासन से शिकायत की, लेकिन उसे अपेक्षित सुनवाई नहीं मिली। इसी से आहत होकर उसने कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह जैसा कदम उठाने का प्रयास किया।

घटना के बाद सुरक्षा कर्मी युवक को अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गौड़ के पास लेकर पहुंचे। एडीएम ने युवक से बातचीत कर उसकी शिकायत सुनी और मामले में आगे नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।

घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। अब देखने वाली बात होगी कि युवक द्वारा लगाए गए जमीन कब्जे और लेखपाल पर लगाए गए आरोपों की जांच में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment