
फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने भव्य जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ, जो सिविल लाइंस और कलेक्ट्रेट होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों तक पहुंची।

रैली में छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति से ओत-प्रोत नारे लगाते हुए चल रही थीं। उन्होंने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
रैली का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। प्राचार्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। रैली के माध्यम से छात्राओं ने आमजन को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।