Editor

वाराणसी के प्रमुख घाटों का स्टीमर से निरीक्षण, सुरक्षा और नाव संचालन पर सख्त निर्देश

वाराणसी में गंगा घाटों की सुरक्षा और व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने 03 मई 2026 को प्रमुख घाटों का स्टीमर एवं स्थलीय निरीक्षण किया। सामने घाट से लेकर दशाश्वमेध सहित अन्य प्रमुख घाटों का दौरा कर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और नाव संचालन गतिविधियों का गहन मूल्यांकन किया।

VK Finance

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नाव संचालन केवल चिन्हित मार्गों पर ही किया जाए और किसी भी स्थिति में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाई जाएं। उन्होंने नाविकों के साथ संवाद करते हुए लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि तेज हवा, अधिक जल प्रवाह या गहरे पानी वाले क्षेत्रों में नौका संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

घाटों पर लगाए गए चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वाटर सेफ्टी नेट का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत और स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाली हों, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वाटर बैरिकेटिंग और सुरक्षा जाल की मजबूती का परीक्षण कर उनके नियमित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें केवल चिन्हित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने के लिए जागरूक किया गया। गहरे पानी में जाने के संभावित खतरों के प्रति सचेत करते हुए पुलिस बल को घाटों पर निरंतर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के बाद पुलिस आयुक्त ने थाना मण्डुआडीह का दौरा किया, जहां नवागंतुक आरक्षियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवास, भोजन और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नए आरक्षियों को बीट आवंटन, सीसीटीएनएस, सीडीआर विश्लेषण और अन्य आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर उन्हें दक्ष, अनुशासित और सक्षम पुलिसकर्मी के रूप में तैयार करने पर जोर दिया।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment