

उन्नाव। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे एक बार फिर निर्माण की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सुर्खियों में है। उन्नाव में कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन पर किलोमीटर संख्या 55.3, पड़री गांव के पास अंडरपास की रिटेनिंग वॉल मिट्टी बहने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई।

बताया जा रहा है कि बारिश के पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क और रिटेनिंग वॉल के आसपास बनी दरारों में भर रहा है। पानी के दबाव और मिट्टी के कटाव से रिटेनिंग वॉल का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। लगातार मिट्टी बहने से पक्का स्ट्रक्चर भी क्षतिग्रस्त होकर टुकड़ों में बिखर गया।
हालात को संभालने के लिए अब रिटेनिंग वॉल को तिरपाल से ढक दिया गया है, ताकि बारिश का पानी सीधे मिट्टी तक न पहुंचे और आगे मिट्टी का कटाव रोका जा सके। हाईटेक तकनीक और आधुनिक निर्माण से तैयार बताए जा रहे एक्सप्रेसवे पर इस तरह का अस्थायी इंतजाम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय स्तर पर ड्रेनेज सिस्टम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बारिश के दौरान पानी की निकासी ठीक से नहीं होने के कारण रिटेनिंग वॉल को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थायी मरम्मत कब तक कराता है।