

ग्रेटर नोएडा से कश्मीरी गेट तक स्लीपर बस में वारदात का आरोप, चालक और कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 2012 के निर्भया कांड की भयावह यादें एक बार फिर ताजा हो गईं। ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच चलने वाली एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ चालक और कंडक्टर द्वारा कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा अपने घर से बिना बताए नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले चचेरे भाई के पास जाने के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह परी चौक पर उतर गई। वहां उसने सेक्टर-63 जाने का रास्ता पूछा और इसी दौरान एक बस में सवार हो गई। उस समय बस में कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था।
आरोप है कि बस के आगे बढ़ने के बाद चालक और कंडक्टर ने छात्रा के साथ दरिंदगी की। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। बस करीब 47 किलोमीटर का सफर तय कर कश्मीरी गेट पहुंची, जहां छात्रा को उतारकर दोनों आरोपी फरार हो गए।
इसके बाद पीड़िता पुलिस के पास पहुंची, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना ने राजधानी में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।