

उन्नाव। समाजवादी पार्टी के पीडीए (PDA) सम्मेलन में शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। मोहन क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि “अंग्रेजों के शासनकाल में भी ऐसा अत्याचार नहीं हुआ, जैसा आज देखने को मिल रहा है।” उन्होंने कहा कि सरकार लोकतंत्र की भावना के विपरीत कार्य कर रही है और जनता के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

श्याम लाल पाल ने पीड़ितों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना समाजवादी पार्टी का सबसे बड़ा उद्देश्य है और इसके लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा मंत्रालय के सचिव को हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी पद से हटाया जाए, क्योंकि देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
श्याम लाल पाल ने कहा कि पेपर लीक आज देश के युवाओं और बेरोजगारों के सामने सबसे बड़ा संकट बन चुका है, लेकिन सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और सरकार जवाबदेही से बचने की कोशिश कर रही है।
सम्मेलन के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संघर्ष के रास्ते पर डटे रहने का आह्वान करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।