
वाराणसी। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर बरेका के सामाजिक संगठन कुशवाहा मित्र मंडल की ओर से कर्मचारी क्लब में राष्ट्रीय खेल दिवस को खेल उत्सव के रूप में मनाया गया। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष और खेल के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। महिलाओं और बालिकाओं के लिए रिंग फेंको प्रतियोगिता आयोजित हुई। वहीं, कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए ओलंपिक खेलों से संबंधित प्रश्नावली प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें विजेता बच्चों को तत्काल पुरस्कृत किया गया।
पुरुषों और बच्चों के लिए इनडोर हॉकी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस अवसर पर राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग, हॉकी और एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार मौर्य और असिस्टेंट कमांडेंट जय प्रकाश मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय कुमार एवं राजेश कुशवाहा ने की, जबकि संचालन राजीव सिंह कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में कर्मचारी परिषद सदस्य मनीष कुमार सिंह, दिलीप कुमार, सुनील कुमार सिंह, आकाश वर्मा, दीपक दांगी, धीरेंद्र प्रताप सिंह, समित कुमार, सूरज कुमार, अनिल कुमार सिंह, सतीश महतो, प्रमोद कुमार, मनोज कुशवाहा, पिंटू कुमार मौर्य, अरुण मौर्य सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
