

50वें इंडिया कारपेट एक्सपो का शुभारंभ, काशी नरेश पीजी कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा देने की घोषणा

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भदोही के अभयनपुर मैदान में आयोजित जनसभा में जिले को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों में 1,340 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भदोही की पहचान उसके कालीन उद्योग और कारीगरों के हुनर से है। सरकार का प्रयास है कि पारंपरिक हुनर के साथ नई तकनीक और आधुनिक डिजाइन को जोड़ा जाए, जिससे कारीगरों को बेहतर बाजार और रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि भदोही के कालीन उद्योग को वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) में शामिल किया गया है और यहां की कला को वैश्विक पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने काशी नरेश पीजी कॉलेज को विश्वविद्यालय के रूप में मान्यता देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे जिले के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
कालीन उद्योग को बताया भदोही की पहचान
इससे पहले मुख्यमंत्री ने कारपेट एक्सपो मार्ट में 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ किया। चार दिवसीय एक्सपो 4 से 7 अक्टूबर तक आयोजित हो रहा है। इसमें देश-विदेश के खरीदार, निर्यातक और कालीन कारोबारी हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कालीन निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि जिन हाथों ने पीढ़ियों से कालीन बुने हैं, उनमें नई तकनीक और नई डिजाइन भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने कारीगरों के हुनर और कला को बाजार से जोड़ने के लिए कई प्रयास किए हैं।
अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
जनसभा में मुख्यमंत्री ने युवाओं की नौकरी में सेंध लगाने वालों और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार में बाधा डालने वालों की संपत्ति जब्त करने के साथ जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होना चाहिए। विरासत के संरक्षण, तीर्थों के विकास और आस्था के सम्मान के साथ रोजगार, शिक्षा और उद्योग को भी आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भदोही को संत रविदास की विरासत से जोड़ते हुए जिले की पहचान और विकास को आगे बढ़ाने की बात कही।
मंच पर रहे ये जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र, पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष होशील प्रसाद पाठक, संतोष पांडेय तथा भाजपा नेत्री प्रियंका जायसवाल समेत भाजपा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और सभी लाभार्थियों को बधाई दी।