

रिपोर्ट:सूरज गोयल

भारत सरकार के “नशा मुक्त युवा
फॉर विकसित भारत अभियान”के अंतर्गत रविवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, फतेहपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त भारत” विषय पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से सामूहिक प्रसारण किया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया तथा “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ करते हुए देशभर के युवाओं से नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होगा। इस अवसर पर देशभर में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ भी ली।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव के संरक्षण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन नशा मुक्ति प्रकोष्ठ के प्रभारी श्री आनंद नाथ के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. राजकुमार एवं श्री बृजेश कुमार पाल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।