
राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और दवाओं की उपलब्धता पर ली जानकारी, जनप्रतिनिधियों और पार्षदों को समन्वय से राहत कार्य तेज करने के निर्देश

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी से टेलीफोन पर बातचीत कर गंगा के बढ़ते जलस्तर और शहर के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत शिविरों की व्यवस्थाओं के बारे में महापौर से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। शिविरों में रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली गई।
पीएम मोदी ने निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं और प्रभावित लोगों की जरूरतों का लगातार ध्यान रखा जाए।
प्रधानमंत्री ने आपदा की स्थिति में बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और नगर निगम के पार्षद आपसी तालमेल के साथ धरातल पर सक्रिय रहें। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संपर्क बनाए रखने और जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रभावित नागरिकों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने और बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास सुनिश्चित करने पर जोर दिया।