

वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) श्री शिवहरी मीना ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त श्री वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली एवं संबंधित थाना प्रभारियों के साथ नमो घाट, राजघाट सहित विभिन्न प्रमुख घाटों तथा राजघाट-गोलगड्डा-आरटीसी मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक मार्गों, घाटों के प्रवेश-निकास द्वारों और अन्य स्थानों पर मिले अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटवाया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नियमित अभियान चलाकर घाटों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
अपर पुलिस आयुक्त ने घाट क्षेत्रों में तैनात पुलिस बल, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
साथ ही महिला सुरक्षा, नाव संचालन क्षेत्रों की निगरानी, नियमित पुलिस गश्त और आगामी पर्वों व आयोजनों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।