
सुल्तानपुर जनपद में निजी विद्यालयों की कथित मनमानी और अभिभावकों के आर्थिक व मानसिक शोषण के मुद्दे पर राजनीति तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस मामले को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 9 अप्रैल को कलेक्ट्रेट परिसर में सड़क पर बैठकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

धरने का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने निजी स्कूलों पर शिक्षा को व्यवसाय बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एडमिशन फीस, रजिस्ट्रेशन, किताब-कॉपी और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों से मनमानी वसूली की जा रही है। उनका आरोप है कि यह सब प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
वहीं शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कड़े तेवर दिखाते हुए चेतावनी दी कि यदि इस “लूट” पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ शुरुआत है और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।