

ग्लोबल ओवरसीज के स्टॉल पर मुख्यमंत्री का हुआ स्वागत, कालीन उद्योग से जुड़े लोगों ने जताया उत्साह

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। कार्पेट सिटी स्थित मेगा मार्ट में आयोजित 50वें इंडिया कार्पेट एक्सपो के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विभिन्न स्टॉलों के भ्रमण के दौरान कालीन निर्यातक एवं भाजपा नेता बृजेश गुप्ता ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें चांदी की गदा भेंट की। मुख्यमंत्री को यह सम्मान भेंट किए जाने पर वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोपीगंज के पूर्व चेयरमैन प्रहलाद दास गुप्ता के ग्लोबल ओवरसीज के स्टॉल पर भी पहुंचे। यहां सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें हस्तनिर्मित कालीन पर उकेरी गई संत रविदास जी की तस्वीर भेंट की गई।
कालीन पर संत रविदास जी की कलात्मक तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने इसकी बारीकी और कारीगरी को देखा। स्टॉल पर मौजूद निर्यातकों ने भदोही की पारंपरिक कालीन कला, डिजाइन और हस्तनिर्मित कालीनों की विशेषताओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री के मेगा मार्ट पहुंचने और कालीन उद्योग से जुड़े लोगों से संवाद करने को लेकर निर्यातकों में उत्साह रहा। कारोबारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री का कालीन उद्योग के बीच पहुंचना भदोही के लिए गौरव का विषय है और इससे जिले की हस्तनिर्मित कालीन कला को देश-दुनिया में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।