
चंदौली। चकिया क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते प्रमुख बांध और बीयर पानी से लबालब भर गए हैं। मूसाखाड़ बांध, लतीफ शाह तथा राजदारी-देवदारी जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलाशय अपनी अधिकतम क्षमता के करीब पहुंचने के बाद ओवरफ्लो की स्थिति में हैं।

पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से बांधों में पानी की आवक बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित बांधों के फाटक खोल दिए गए हैं और उनसे लगातार हजारों क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांधों से निकल रहे पानी के कारण आसपास की नदियों और जलधाराओं का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने तथा जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।
मौसम का रुख इसी तरह बना रहा और बारिश जारी रही तो जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने संभावित स्थिति को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है।