

उन्नाव। लगातार हो रही बारिश के बीच उन्नाव में दर्दनाक हादसा हो गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवासी गांव में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मरम्मत के दौरान कच्चे मकान का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 65 वर्षीय हंसराम और उनके 8 वर्षीय नाती आयु की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मकान में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय हंसराम और उनका 8 वर्षीय पोता आयु मलबे के नीचे दब गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वहीं, एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों के गिरने की आशंका को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की चिंता भी बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से ऐसे मकानों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।