
उन्नाव। जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अपनी राजनीतिक विफलता को छिपाने का प्रयास कर रही है।

शकुन सिंह ने कहा कि SIR समेत निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले चुनाव आयोग की ओर से सर्वसम्मति से लिए गए हैं। चुनाव आयोग ने भी हाल में स्पष्ट किया है कि SIR से जुड़े फैसले आयोग के तीनों सदस्यों की सहमति से लिए गए थे।
उन्होंने Form-6 को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। चुनाव आयोग ने कहा है कि मूल Form-6 में बदलाव नहीं किया गया, बल्कि SIR से संबंधित जानकारी अलग संलग्नक के रूप में जोड़ी गई थी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कैबिनेट सेक्रेटरी को भेजे गए पत्र को प्रशासनिक विषय बताते हुए कहा कि इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए दुष्प्रचार बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी के तहत निर्वाचन प्रक्रिया संचालित कर रहा है।