
उन्नाव। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को उन्नाव में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पूर्व सांसद एवं सपा की राष्ट्रीय महासचिव अन्नू टंडन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए बीजेपी और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यालय के बाहर जमीन पर बैठकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में हुई कार्रवाई पर चिंता जताते हुए शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित कराने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को सौंपा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव को हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन से जुड़ा मामला है। कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करते हुए संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।