

फतेहपुर। जनपद के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थर से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद युवक को भी मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, खागा क्षेत्र के सूजरही गांव से दो युवक बाइक से सलेमपुर (मंडवा) स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वे प्रेमनगर कस्बे के आगे उमरपुर गौती (काजीपुर) गांव के खतरनाक मोड़ पर पहुंचे, अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक सड़क की पटरी पर लगे पत्थर से जा टकराई, जिससे चालक उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सड़क किनारे से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उमरपुर गौती (काजीपुर) का यह मोड़ काफी खतरनाक है और यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार दुबे