

वाराणसी। अस्सीघाट पर मंगलवार को तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक तेज हवा का झटका लगने से घाट पर निर्माणाधीन चबूतरे का एक हिस्सा भरभराकर गंगा में जा गिरा। हादसे के समय चबूतरे पर करीब आधा दर्जन युवक बैठे हुए थे। निर्माणाधीन हिस्सा टूटते ही सभी युवक असंतुलित होकर गंगा में जा गिरे।

अचानक हुए हादसे से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल युवकों को बाहर निकालने में मदद की। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। हालांकि घटना के बाद निर्माणाधीन चबूतरे की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज आंधी के बीच अचानक चबूतरे का हिस्सा नीचे धंसने लगा और देखते ही देखते निर्माणाधीन ढांचा गंगा में समा गया। जिस समय यह घटना हुई, वहां लोगों की काफी आवाजाही थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन हिस्से पर अधिक संख्या में लोग मौजूद होते, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।