Editor

बनारस स्टेशन के स्टॉल से सात लाख की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Hamari sevaye

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-8 स्थित मल्टी परपज स्टॉल में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए कैंट जीआरपी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी के 3.93 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

VK Finance

जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर, पूर्वोत्तर रेलवे आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार और सीआईबी इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि 28 मई की रात मल्टी परपज स्टॉल से चोर 7 लाख 10 हजार रुपये से भरा बैग चुरा ले गए थे। घटना से पहले आरोपी स्टॉल के फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक निकालकर पीता हुआ भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। उस समय स्टॉल कर्मचारी श्रवण यादव और सतीश बाहर बेंच पर सो रहे थे।

घटना की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। स्टेशन परिसर में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों का पीछा करते हुए टीम बाबतपुर तक पहुंची। तकनीकी और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर सुंदरपुर निवासी आकाश पटेल को बनारस स्टेशन की वाशिंग लाइन से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर बड़ागांव निवासी सभाजीत उर्फ सोनू को भी दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार आकाश पटेल के पास से 1 लाख 93 हजार रुपये तथा सभाजीत उर्फ सोनू के पास से 2 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि आकाश पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वह शराब का आदी है और घटना के बाद सभाजीत उसे संरक्षण दे रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। आधुनिक सीसीटीवी निगरानी और संयुक्त पुलिस कार्रवाई के चलते इस बड़ी चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा हो सका।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment