
वाराणसी कमिश्नरेट के थाना लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पहाड़िया मंडी गेट नंबर-1 स्थित सीआरपीएफ कैंप के पीछे की गई, जहां से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर एसओजी और लालपुर-पाण्डेयपुर थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन (नंबर JH 10 BJ 7297) से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से बोलेरो वाहन के अलावा 200 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर कार्ड भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी समय से गांजा की तस्करी में संलिप्त था और बाहरी राज्यों से मादक पदार्थ लाकर वाराणसी समेत आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।