

एंकर- उन्नाव में लगातार बारिश के बीच गंगा की सहायक लोन नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात बिगड़ने लगे हैं। बीघापुर तहसील क्षेत्र में पाटन-पुर्वा मार्ग पर लोन नदी का पानी सड़क के ऊपर से तेज रफ्तार में बह रहा है। पानी का बहाव इतना तेज है कि मार्ग से गुजरना लोगों के लिए बेहद जोखिम भरा हो गया है। वहीं बैजुआमऊ गांव के पास नदी के कटान से सड़क का हिस्सा कट गया है, जिससे आवागमन पर खतरा और बढ़ गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद करा दिया। प्रशासन ने लोगों से इस रास्ते का इस्तेमाल न करने और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
लोन नदी के बढ़ते जलस्तर और सड़क के ऊपर बह रहे पानी से आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। प्रशासन की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी होने पर आसपास के क्षेत्रों में भी पानी पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित रखना और किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकना है।

बाइट धर्मेंद्र सिंह sdm बीघापुर