
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ युवक द्वारा अभद्रता और झड़प का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने घर से बाहर आते ही पुलिसकर्मियों पर रॉड से हमला करने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद दो कांस्टेबलों से युवक की झड़प हो गई। इस दौरान युवक ने एक कांस्टेबल की वर्दी पकड़कर खींच दी। किसी तरह पुलिसकर्मी ने खुद को युवक के चंगुल से छुड़ाया।
घटना का वीडियो शिकायतकर्ता ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया, जिसमें युवक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, “मेरी गलती नहीं है।” वीडियो में पुलिसकर्मियों और युवक के बीच हो रही झड़प भी दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने का प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले भी उन्नाव में लोगों द्वारा डंडे लेकर पीआरवी को खदेड़ने का मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।