Editor

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसा, बाइक से गिरकर महिला की मौत

सुल्तानपुर जनपद के थाना दोस्तपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर पुलिया के पास बने सड़क के उभार (जंपिंग) के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे गिरकर एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

VK Finance

मृतका की पहचान नाजरीन (पत्नी आफताब) निवासी सैलखा, थाना दोस्तपुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाजरीन अपने ससुराल अकबरपुर से अपने गांव सैलखा लौट रही थीं। इसी दौरान खालिसपुर दुर्गा गांव के पास पुलिया के नजदीक सर्विस रोड पर अचानक सड़क के उभार के कारण बाइक उछल गई और संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ीं। गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह के निर्देश पर उप निरीक्षक अनूप सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सर्विस रोड पर बने खतरनाक उभारों को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से उन्हें जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment