सुलतानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के महुली गांव के पास बुधवार शाम नहर पटरी पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशोरी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान राम पटेसर (65) निवासी अत्तानगर और सुरेश चंद्र मिश्रा निवासी इनायतनगर, अयोध्या के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल तिलकराज (42) की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। किशोरी मानसी (16) का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवार कई फीट दूर जा गिरे। नहर पटरी का संकरा रास्ता और तेज रफ्तार इस हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी अशुतोष कुमार ने बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद अत्तानगर और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।