

झांसी के मोंठ थाना क्षेत्र में मंगलवार को बम्हरौली हाईवे क्रॉसिंग के पास सड़क हादसा हो गया। झांसी से कानपुर की ओर जा रही एक कार को पीछे से आ रही झांसी डिपो की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार मां-बेटा घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कार में एक परिवार सवार था जो झांसी से कानपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही कार मोंठ थाना क्षेत्र स्थित बम्हरौली हाईवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही झांसी डिपो की बस ने कार में टक्कर मार दी।
हादसे में कार सवार रेशमा खातून पत्नी अब्दुल हलीम और उनका पुत्र मोहम्मद अरमान निवासी संत कबीरनगर घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मोंठ सीएचसी भेजा, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।